कैथल: सांसद खेल महोत्सव 2.0 का आगाज, हैंडबॉल सहित 12 खेलों में होंगे मुकाबले

कैथल, 31 अक्टूबर । राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को कैथल पुलिस लाइन में सांसद खेल महोत्सव 2.0 का शुभारंभ हुआ। सांसद नवीन जिंदल ने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की। इस दौरान कलायत टाइटन और कैथल वॉरियर्स के बीच फुटबॉल मुकाबला हुआ, जिसमें कैथल वॉरियर्स ने 2-0 से जीत दर्ज की। कार्यक्रम में पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता हरविंद्र सिंह को भी सम्मानित किया गया।

सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं में खेलों और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाई है। सांसद खेल महोत्सव इसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है। युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और एकता की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की मांग पर सांसद खेल महोत्सव 2.0 में हैंडबॉल को भी शामिल किया गया है। पहले 11 खेलों में मुकाबले होने थे, लेकिन अब कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में 12 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। महोत्सव के लिए अब तक 97 हजार 664 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। इनमें 6476 वरिष्ठ नागरिक और 1791 दिव्यांग प्रतिभागी भी शामिल हैं। प्रतियोगिताएं दाे से 21 नवंबर और 7 से 19 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। सांसद ने कहा कि कैथल जिले के सभी खेल स्टेडियमों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। स्टेडियमों में जिम, खेल उपकरण और अन्य मूलभूत सुविधाओं के साथ खिलाड़ियों को अच्छा माहौल देने की दिशा में काम किया जाएगा। आने वाले एक साल में जिले के स्टेडियमों में सुधार के रूप में बड़ा बदलाव नजर आएगा।

पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता हरविंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत करना सराहनीय पहल है। सांसद नवीन जिंदल भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले तीरंदाजी जैसे खेलों में युवाओं की भागीदारी कम थी, लेकिन अब इसमें काफी वृद्धि हुई है। युवा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी करियर के रूप में अपना सकते हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री समय-समय पर खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाते हैं। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई गई। सांसद नवीन जिंदल, विधायक सतपाल जांबा सहित अन्य अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, डॉ. जगविंद्र विर्क, अनिता ढुल, एडीसी सुशील कुमार, शुगर मिल के एमडी कृष्ण कुमार, एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष कठवाड़, पूर्व विधायक तेजबीर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *