गौ संवर्धन के क्षेत्र में ग्राम बिछिया की गौशाला के प्रयास सराहनीय : संभागायुक्त शर्मा

भोपाल, 30 अक्टूबर । मध्य प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को विदिशा जिले के ग्राम बिछिया का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बिछिया स्थित आदर्श श्री गोपाल कृष्ण गौशाला पहुंचकर गौ संवर्धन एवं गौ संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और गतिविधियों का अवलोकन किया।

संभागायुक्त शर्मा ने गौशाला में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए गौवंश के संरक्षण, संवर्धन तथा उनके समुचित रखरखाव के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गौशाला में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं गौ संवर्धन की दिशा में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इन्हें सराहनीय बताया।

शर्मा ने कहा कि गौशालाएं केवल गौवंश के संरक्षण का केंद्र ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक संसाधनों के उपयोग और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। गौशालाओं के बेहतर संचालन और व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सामूहिक सहभागिता एवं निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने ग्राम बिछिया में स्थित आदर्श गौशाला में गौवंश के लिए उपलब्ध कराई गई विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं से संभागायुक्त को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गौशाला में गौवंश के समुचित रखरखाव, उनके खान-पान एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। गौवंश की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए भी विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि गौवंश को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिल सके।

कलेक्टर ने पशुपालन विभाग के माध्यम से गौवंश के स्वास्थ्य की देखभाल एवं बीमार पशुओं के उपचार के लिए किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौशालाओं में पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, समय पर उपचार तथा आवश्यक पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

गोबर से दीये बनाने वाले उद्यमी बारेलाल के हुनर की संभागायुक्त ने की सराहना

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को विदिशा ज़िले में ग्राम बिछिया स्थित श्रीकृष्ण गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं, संचालन एवं प्रबंधन संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संभागायुक्त शर्मा की नजर गौशाला परिसर में गोबर से दीये तैयार कर रहे बारेलाल अहिरवार पर पड़ी। वे उनके पास पहुंचे और उनसे आत्मीय चर्चा करते हुए गोबर से दीये बनाने की प्रक्रिया, इस कार्य में लगने वाले समय, तैयार दीयों की विक्रय दर तथा अब तक हुई कुल आमदनी के संबंध में जानकारी ली।

अहिरवार द्वारा गोबर से दीये बनाने के हुनर और इस कार्य के माध्यम से आजीविका अर्जित करने की पहल की संभागायुक्त ने सराहना की। उन्होंने उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के नवाचारों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस गतिविधि से जोड़ने की सलाह भी दी, ताकि गोबर का उपयोगी उत्पादों के निर्माण में इस्तेमाल हो और लोगों को अतिरिक्त आय का अवसर मिल सके। संभागायुक्त ने गौशाला की गतिविधियों को आजीविका एवं रोजगार से जोड़ने की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

निरीक्षण भ्रमण के दौरान विदिशा पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, वनमंडलाधिकारी हेमंत यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरभि तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *