सिरसा: वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर

सिरसा, 02 नवंबर । जिले के कालांवाली क्षेत्र में रविवार की देर रात हुए सडक़ हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया जहां, चिकित्सकों ने कृष्ण को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल संदीप को प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर कर दिया है।

बताया जा रहा है कि कृष्ण और संदीप नामक दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर रविवार देर रात को डबवाली की ओर जा रहे थे। गांव टप्पी गौशाला के समीप एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओढ़ा में उपचार के लिए लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कृष्ण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे घायल संदीप की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही ओढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार को सिरसा के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार मृतक के चाचा छोटूराम के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक का सुराग लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *