सीएम रेखा गुप्ता वाल्मीकि प्रकटोत्सव में शामिल, वाल्मीकि मंदिर में किया हवन-पूजन

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को दिल्ली के मंदिर मार्ग स्थित राष्ट्रीय प्राचीन वाल्मीकि मंदिर और आश्रम में आयोजित भगवान महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने हवन में आहुति दी और भगवान वाल्मीकि के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन, विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्श हमें मानवता, करुणा, समानता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। महर्षि वाल्मीकि ने अपने विचारों और रचनाओं के माध्यम से समाज को नैतिकता, सदाचार और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी एक ऐसे समाज के निर्माण का मार्ग दिखाते हैं, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान मिले और सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए ऐसी दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जो समानता, संवेदना और समृद्धि की प्रतीक बने। सरकार का प्रयास है कि विकास की प्रक्रिया में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो और हर नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा प्रगति के अवसर प्राप्त हों। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज को सदैव सद्भाव, सेवा और मानव कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *