राजगढ़ः अपेक्स बैंक के प्रशासक ने सहकारी केंद्रीय बैंक में सदस्यता अभियान व विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की

राजगढ़, 17 अगस्त । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्रसिंह यादव पहुंचे। उन्होंने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में सदस्यता अभियान सहित बैंक की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने और उन्हें सहकारी व्यवस्था से जोड़ने के लिए 20 अप्रैल से प्रदेशभर में सदस्यता महाअभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ना शासन की प्राथमिकता है। समितियां किसानों को कृषि ऋण, खाद और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समिति प्रबंधक सहकारी आंदोलन की रीढ़ हैं और शासन व आमजन के बीच सेतु का काम करते हैं।

उन्होंने अधिकारियों से दूरस्थ क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र किसान को समिति से जोड़ने तथा किसानों से मृदुभाषी और सकारात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए। अब एक साल में चुकाना होगा 3 लाख तक का ऋण महेंद्रसिंह यादव ने बताया कि पहले रबी और खरीफ फसलों के लिए छह माह की अवधि में शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जाता था। अब किसानों के हित में ऋण चुकाने की अवधि बढ़ाकर एक वर्ष कर दी गई है। पात्र किसान एक साल में 3 लाख रुपए तक का ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज पर चुका सकेंगे और पात्रतानुसार अगले वर्ष दोबारा ऋण ले सकेंगे।

बैठक में बैंक के सीईओ दीपक रघुवंशी ने विगत तीन वर्षों की गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण किया। इसमें ऋण वितरण, खाद वितरण, जमा वृद्धि, सदस्यता अभियान, ऋण वसूली और सहकारी समितियों में चैपाल सहित अन्य कार्यों की जानकारी दी गई। बताया गया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजगढ़ लगातार तीन वर्षों से लाभ की स्थिति में है। बैठक में उपायुक्त सहकारिता पीएस बारोटिया सहित शाखा प्रबंधक, पर्यवेक्षक और मुख्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *