शाहपुर में 25 करोड़ से बनकर तैयार होगा परमार्थ इको विलेज : केवल सिंह पठानिया

धर्मशाला, 27 अक्टूबर । शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर के भंद्रेला में पूजनीय गुरु श्री चिदानंद सरस्वती के सानिध्य में 25 करोड़ रुपये की लागत से परमार्थ इको विलेज का निर्माण किया जा रहा है। वैदिक परंपराओं पर आधारित इस विलेज में ऑर्गेनिक फार्मिंग और गरीब बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मंगलवार को भरूपलाहड़ में नवनिर्मित पंचायत भवन की पहली मंजिल का लोकार्पण करने के बाद उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को विलेज में राज्यपाल का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री को भी कार्यक्रम में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने परियोजना की अनुमति देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

पठानिया ने इस मौके पर 46 लाख रुपये की लागत से निर्मित भरूपलाहड़ पंचायत भवन की पहली मंजिल का लोकार्पण किया। पंचायत भवन पर कुल 1.14 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास विभाग के तहत करीब 8.50 करोड़ रुपये के विभिन्न भवनों के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। पंचायत भवन बनने से पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को अपने कार्यों के निपटारे में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि लंज में 3.39 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का निर्माण जारी है। लंज स्वास्थ्य संस्थान में अल्ट्रासाउंड मशीन भी पहुंच गई है, जिसे जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं, राजकीय प्राथमिक स्कूल मनेई में मरम्मत कार्यों के लिए 7 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

इससे पहले विधायक केवल सिंह पठानिया ने अप्पर लंज पंचायत के कौड़ियां में निजी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू होने से हारचक्कियां, सलाड़ी, कौड़ियां, कल्लर, घाड़, अम्बी, संध और हार सहित आसपास के गांवों के लोगों को परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है।

उन्होंने शिक्षा विभाग को राजकीय प्राथमिक स्कूल कौड़ियां के भवन का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *