हिमाचल में कांग्रेस सरकार के कुप्रबंधन से तालाबंदी की स्थिति : जयराम ठाकुर

शिमला, 26 अक्टूबर । पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर प्रदेश में विकास कार्य ठप करने और आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप लगाया है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नोगली में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में तालाबंदी और कर्ज का दौर चल रहा है। उन्होंने सरकार को ‘लॉक और लोन प्रिय सरकार’ करार दिया।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद 2,000 से अधिक सरकारी संस्थान बंद कर दिए और ग्रामीण क्षेत्रों की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि रामपुर क्षेत्र में रुकी विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना भाजपा की प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर बजट आवंटन में पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि नादौन और देहरा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा सत्ता में आने पर बंद संस्थानों से जुड़े फैसलों की समीक्षा कर उन्हें बहाल करने की दिशा में कदम उठाएगी।

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि रामपुर में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी यहां जीत हासिल करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक हताशा बताते हुए कहा कि पार्टी नेताओं को सार्वजनिक संवाद में मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा ने दावा किया कि रामपुर क्षेत्र के 60 महिला मंडलों की सदस्यों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के अनुसार, इन सदस्यों ने भाजपा की नीतियों और विकास के एजेंडे में विश्वास जताया। जयराम ठाकुर ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के बाद कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठ रहे हैं और भाजपा वर्ष 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *