हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी पर कांग्रेस का विरोध, नामांकन के दिन काले झंडे दिखाने का ऐलान

भोपाल, 29 अक्टूबर । केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। पटवारी ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश की क्षेत्रीय अस्मिता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने एपस्टीन प्रकरण में पुरी के नाम का उल्लेख होने को लेकर उठ रहे सवालों का हवाला देते हुए भाजपा से अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।

जीतू पटवारी ने गुरुवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि मध्य प्रदेश सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान वाला प्रदेश है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व द्वारा हरदीप सिंह पुरी को यहां से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर कांग्रेस को आपत्ति है। उन्होंने भाजपा से यह बताने को कहा कि पुरी को उम्मीदवार बनाने के पीछे क्या आधार हैं और एपस्टीन प्रकरण से जुड़े सवालों पर पार्टी का क्या रुख है।

जीतू पटवारी ने घोषणा की कि जिस दिन हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने आएंगे, उस दिन कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ता उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस फैसले के विरोध में प्रदेश की गरिमा, क्षेत्रीय अस्मिता और राजनीतिक जवाबदेही के मुद्दे उठाएगी। पटवारी ने कहा कि एपस्टीन प्रकरण से जुड़े सवालों पर भाजपा नेतृत्व को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि इन मुद्दों के बीच पुरी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने का निर्णय क्यों लिया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा से जनता के सामने अपना पक्ष रखने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *