ग्रामीण विकास योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन के लिए समर्पित भाव से कार्य करें अधिकारी : अपूर्व देवगन ·

जिला परिषद सभागार मंडी में मंगलवार को विधायक क्षेत्र विकास निधि, राज्य विकास योजना, विशेष विकास निधि तथा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना सहित ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से जिला में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा के लिए एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की। इस बैठक में जिला के सभी 14 विकास खंडों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की योजनावार विस्तृत समीक्षा की गई। प्रत्येक कार्य की प्रगति और वर्तमान स्थिति की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की गई।

उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण विकास का लाभ सभी पात्र लोगों को समय पर प्राप्त हो, इस लक्ष्य के साथ सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पित भाव से अपने कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर विकास कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक में बताया गया कि जिला में ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से वर्ष 2024 से सितंबर, 2026 के मध्य लगभग 50 करोड़ रुपए की योजनाएं स्वीकृत की गईं। इनमें से 27.50 करोड़ रुपए से अधिक की राशि व्यय कर 2555 योजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं। इसके साथ ही लगभग 17 करोड़ रुपए की 1492 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त जिला के लिए स्वीकृत विभिन्न योजनाओं की व्यापक समीक्षा भी इस दौरान की गई।

अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के जिला विकास अधिकारी जी.सी. पाठक तथा जिला योजना अधिकारी जवाहर सिंह सहित बैठक में सभी विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी, सहायक अभियंता तथा कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विकास खंडों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *