तापमान में उतार-चढ़ाव जारी , सात शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे

जयपुर, 07 अक्टूबर । प्रदेश के शहरों के तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शहरों के तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली। 39.3 डिग्री के साथ पिलानी का दिन और 26.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। मंगलवार रात प्रदेश के 7 शहरों का तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार भीलवाड़ा, डबोक, पाली, माउंट आबू, नागौर, सिरोही और फतेहपुर का रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। 14 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही। जयपुर के रात के तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में आगामी तीन दिन मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के कुछ भागों में 10 से 12 अक्टूबर के दौरान बादल छाए रहने व मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, शेष अधिकांश भागों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *