दिल्ली के सत्य निकेतन पीजी हादसे में मरने वालों की संख्या 6 हुई, बचाव अभियान तेज

नई दिल्ली, 07 सितंबर । दिल्ली के सत्य निकेतन पेइंग गेस्ट (पीजी) हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। इस इमारत का नाम पी-14 है। एनडीआरएफ, दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें मलबा हटा रही हैं। 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

इस हादसे ने पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही इमारतों की सुरक्षा और राष्ट्रीय राजधानी के घनी आबादी वाले इलाकों में निर्माण और अग्निशमन सुरक्षा नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पी-14 का निर्माण 1990 के दशक में हुआ बताया जा रहा है। मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

दिल्ली सरकार ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस ने कथित मालिक हरि राम और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह हादसा रविवार को साउथ कैंपस के श्री वेंकटेश्वर कॉलेज के सामने रिहायशी कॉलोनी सत्य निकेतन में दोपहर को हुआ।

उप राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू घटनास्थल घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने हादसे पर गहरी चिंता जताते हुए दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा और डीडीएमए समेत सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री कपिल मिश्रा, मेयर प्रवेश वाही, सांसद बांसुरी स्वराज और विधायक अनिल शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बात कर स्थिति जानी। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दिल्ली सरकार को हर जरूरी मदद का भरोसा दिया। साथ ही एम्स नई दिल्ली और दिल्ली के केंद्रीय सरकारी अस्पतालों के निदेशकों को घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *