डीएवी मंडी में नेवल विंग एनसीसी की ऐतिहासिक शुरुआत

मंडी, 08 अक्टूबर । डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जवाहर नगर मंडी में एनसीसी नेवल विंग की शुरुआत गरिमामय समारोह के साथ हुई। कार्यक्रम में 1 एचपी नेवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर साजन कुमार मुख्य अतिथि रहे। भारतीय नौसेना में करीब तीन दशक का अनुभव रखने वाले कमांडर साजन कुमार ने विभिन्न युद्धपोतों तथा महत्वपूर्ण नौसैनिक प्रतिष्ठानों में सेवाएं दी हैं।

विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया, शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने उनका पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद स्वागत गान, एनसीसी गीत और राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि को पहाड़ी टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया ने कहा कि नेवल विंग की शुरुआत विद्यालय के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब विद्यालय में एनसीसी के तीनों विंग—आर्मी, एयर और नेवल—स्थापित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के नए अवसर मिलेंगे। नेवल विंग के कैडेट्स का गठन आगामी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

मुख्य अतिथि कमांडर साजन कुमार ने कहा कि एनसीसी केवल संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नेवल विंग से विद्यार्थियों में समुद्री सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *