छात्रा ने मांगा नया भवन, सुक्खू ने रोहड़ू स्कूल को दिए दो करोड़ रुपये

शिमला, 01 अक्टूबर । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को शिमला जिला के रोहड़ू स्थित पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सीबीएसई विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, एआई, रोजगार और मुख्यमंत्री के निजी अनुभवों से जुड़े सवाल पूछे।

एक छात्रा ने स्कूल के नए भवन की जरूरत बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

छात्रा ने बताया कि स्कूल के सीबीएसई बनने के बाद यहां विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है और दो शिफ्ट में कक्षाएं चलानी पड़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दो करोड़ रुपये नए भवन के लिए प्रारंभिक सहायता के रूप में दिए जाएंगे। निर्माण के लिए यह राशि कम पड़ने पर राज्य सरकार जरूरत के अनुसार अतिरिक्त धन उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि नए परिसर के निर्माण में समय लगेगा। सरकार का लक्ष्य सीबीएसई स्कूलों के लिए आधुनिक सुविधाओं वाले बेहतर परिसर तैयार करना है।

एआई के बढ़ते इस्तेमाल से बच्चों के बौद्धिक विकास पर असर से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई आधुनिक समय की महत्वपूर्ण तकनीक है। इसके सही इस्तेमाल के लिए शिक्षा और ज्ञान की मजबूत नींव जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा और शिक्षा को भविष्य की चुनौतियों से निपटने का आधार बताया।

रोजगार के अवसरों पर पूछे सवाल के जवाब में सुक्खू ने कहा कि अच्छी शिक्षा सबसे जरूरी है। इससे सोचने-समझने की क्षमता विकसित होती है और भविष्य में सही दिशा चुनने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी क्षेत्र में रोजगार के साथ स्वरोजगार को भी बढ़ावा दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *