अनियंत्रित बाइक दीवार से टकराई, युवक की मौत

अमेठी, 18 सितंबर । उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र स्थित दादरा गांव में शुक्रवार को तेज रफ्तार पल्सर बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार अमजद (22) की मौत हो गई, जबकि राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक पल्सर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दीवार से जा टकराई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुसाफिरखाना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने अमजद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजू सिंह की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। अमजद की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मुसाफिरखाना कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *