नगरीय निकाय चुनाव -अलवर नगर निगम के लिए मिनी सचिवालय में होंगे नामांकन जमा

अलवर, 25 अगस्त । राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 हेतु नाम निर्देशन पत्र 27 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रातः 10ः30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक (राजकीय अवकाश को छोडकर) भरे जा सकते हैं। इस बार नगरीय निकाय चुनाव हेतु नाम निर्देशन पत्र केवल तीन दिवस 27, 29 एवं 31 अगस्त को भरे जा सकते हैं।

अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर एवं रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम अम्बा लाल मीणा ने बताया कि इस बार नगरीय निकाय चुनावों के लिए राजकीय अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन पत्र केवल तीन दिवस 27, 29 एवं 31 अगस्त को भरे जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्र में अभ्यर्थी की स्वयं, परिवार सहित अन्य विभिन्न प्रकार की विस्तृत जानकारी भरी जानी है। इसलिए अभ्यर्थी नाम निर्देशन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना यथाशीघ्र अपना नाम निर्देशन पत्र भरें।

उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्र मिनी सचिवालय के भूतल के कमरा नंबर 81 ए, भूतल के कमरा नंबर 66 के समीपवृति स्थान, भूतल के कमरा नंबर 49 तथा भूतल के कमरा नंबर 17 के समीपवृति स्थान पर लगाई गई हैल्प डेस्क से प्रतिभूति निपेक्ष राशि जमा कराकर नाम निर्देशन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नगरीय निकाय के चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रतिभूति निक्षेप राशि निम्नानुसार रहेगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम के वार्ड पार्षद के सामान्य वर्ग के उम्मीदवार लिए 6 हजार रूपये एवं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला उम्मीदवार के लिए 3 हजार रूपये प्रतिभूति राशि जमा करानी होगी। इसी प्रकार संबंधित नगर पालिकाओं के वार्ड पार्षद के सामान्य वर्ग के उम्मीदवार लिए 2 हजार रूपये एवं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला उम्मीदवार के लिए 1 हजार रूपये प्रतिभूति राशि जमा करानी होगी, जिसकी रसीद दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगर निगम अलवर हेतु वार्ड संख्या 1 से 13 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 16 (भूतल), वार्ड संख्या 14 से 26 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 32 (भूतल), वार्ड संख्या 27 से 39 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 83 (भूतल), वार्ड संख्या 40 से 52 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 66 (भूतल) एवं वार्ड संख्या 53 से 65 के लिए मिनी सचिवालय के कमरा नंबर 78 (भूतल) में नाम निर्देशन पत्र जमा कराए जा सकेंगे। इसी प्रकार नगर पालिका हेतु संबंधित नगर पालिका स्तर पर रिटर्रिंग अधिकारी के समक्ष नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्र विस्तृत पत्र है। इसके सभी कॉलम भरे जाने है। इसमें स्वयं/आवेदक की सम्पत्ति, पत्नी व आश्रित की चल एवं अचल सम्पत्ति की सम्पूर्ण सूचना तथा आवेदक/अभ्यर्थी के दोषसिद्धि व विचाराधीन/आपराधिक मुकदमें/न्यायालय में लम्बित प्रकरणों आदि की विस्तृत जानकारी भी भरी जानी है तथा 5 प्रस्तावों का विवरण भी भरा जाना है।

उन्होंने बताया कि 1 सितम्बर (मंगलवार) नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, 3 सितम्बर (गुरूवार) अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी तथा 4 सितम्बर (शुक्रवार) चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव कार्यक्रमानुसार 9 सितम्बर (बुधवार) को प्रथम चरण एवं द्वितीय चरण 11 सितम्बर (शुक्रवार) मतदान प्रातः 7 बजे से सांय 6 बजे तक तथा 14 सितम्बर (सोमवार) को मतगणना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *