मुरादाबाद : धनतेरस पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से पार, ऑरेंज जोन में पहुंचा शहर

मुरादाबाद, 07 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दीवाली से पहले शहर की हवा में प्रदूषित जहरीले कणों की मात्रा बढ़ने का सिलसिला धनतेरस से शुरु हो गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 200 से अधिक होने के चलते आधा शहर वायु प्रदूषण के ऑरेंज जोन में आ गया। चेस्ट स्पेशलिस्ट डॉ राजकमल गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से ऑरेंज जोन खराब स्थिति है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्र अधिकारी बीके राजपूत के अनुसार शुक्रवार को रात्रि 11 बजे मुरादाबाद का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 185 रिकार्ड किया गया। पिछले एक हफ्ते से शहर में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। मानसून सीजन में मुरादाबाद का एक्यूआई 50 या इससे नीचे बना हुआ था। जोकि स्वास्थ्य की दृष्टि से काफी अच्छी स्थिति थी। लेकिन, मानसूनी बारिश का सिलसिला खत्म होने के बाद एक्यूआई सौ के ऊपर पहुंच गया।

दिवाली करीब आते-आते यह अब शहर के कई इलाकों में दो सौ के ऊपर जा पहुंचा है। दिवाली की रात एक्यूआई ढाई सौ के भी अधिक पहुंच जाने का अंदेशा विशेषज्ञ जाहिर कर रहे हैं।

क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार शुक्रवार रात्रि में मुरादाबाद महानगर में क्षेत्र वार दर्ज वायु गुणवत्ता सूचकांक : कांशीराम नगर- 220, ट्रांसपोर्टनगर-217, नया मुरादाबाद-209, कांठ रोड- 187, बुद्धि विहार- 149, सिविल लाइन 129 था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *