नेपाल के सप्तरी जिले के कई इलाकों में कर्फ्यू जारी

काठमांडू, 02 अगस्त । नेपाल के सप्तरी जिला प्रशासन कार्यालय ने जिले के अधिकांश क्षेत्रों में आज भी कर्फ्यू को जारी रखने का फैसला किया है। हालांकि आम नागरिकों को आवश्यक दैनिक उपभोग की वस्तुओं की खरीदारी करने की सुविधा देने के लिए आज सुबह 7:00 बजे से 1०:00 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी है।

सप्तरी जिला प्रशासन ने निर्धारित समय समाप्त होने के बाद कर्फ्यू का पूर्ण रूप से पालन करने तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सभी से अपील की है।

जिला प्रशासन कार्यालय ने यह भी बताया कि प्रशासन की अनुमति लेकर सद्भाव रैली आयोजित करने के उद्देश्य से भी कर्फ्यू आदेश में सीमित रूप से राहत प्रदान की गई है।

सप्तरी के मुख्य जिला अधिकारी श्याम कृष्ण थापा के अनुसार, राहत अवधि के दौरान यदि कोई व्यक्ति दंगा, अशांति फैलाने या किसी अन्य उद्देश्य से पांच से अधिक लोगों के समूह में एकत्र होकर उच्छृंखल गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि सप्तरी के बोदेबरसाइन क्षेत्र में गत 30 जुलाई। की रात 10:00 बजे से तथा राजबिराज में 31 जुलाई की सुबह 8:00 बजे से मुख्य जिला अधिकारी द्वारा कर्फ्यू आदेश लागू किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *