कैथल : गाड़ी में छिपाकर पंजाब ले जा रहे थे डोडापोस्त, एक तस्कर गिरफ्तार

कैथल, 18 अगस्त । कैथल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए क्रेटा गाड़ी में डोडापोस्त की खेप लेकर जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गाड़ी से 95 किलो 825 ग्राम डोडापोस्त बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान चालक समेत दो अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पकड़े गए युवक की पहचान घग्घा, जिला पटियाला, पंजाब निवासी अनमोल दीप सिंह के रूप में हुई।

चौकी संगतपुरा पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी में तीन युवक भारी मात्रा में डोडापोस्त लेकर धनौरी से गलौली होते हुए पंजाब की तरफ जाएंगे। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एसआई बलराज सिंह की टीम ने धनौरी-गलौली रोड पर ड्रेन पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

दोपहर करीब तीन बजे पुलिस टीम को धनौरी की तरफ से सफेद रंग की क्रेटा आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने नाकाबंदी से करीब 50 मीटर पहले ही गाड़ी रोक दी।

इसके बाद चालक और ड्राइवर सीट के पीछे बैठे एक युवक ने गाड़ी से उतरकर खेतों की ओर भागने की कोशिश की। कंडक्टर सीट पर बैठे तीसरे युवक ने भी भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पूछताछ में पकड़े गएयुवक की पहचान घग्घा, जिला पटियाला, पंजाबनिवासीअनमोलदीप सिंह के रूप में हुई।

सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय बीर भान की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी से पांच कट्टे बरामद हुए, जिनमें कुल 95 किलो 825 ग्राम डोडापोस्त मिला।

पुलिस ने नशे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *