कैथल: छात्रा से छेड़छाड़ पर भड़के ग्रामीणों ने करनाल-पटियाला मार्ग पर लगाया जाम

कैथल, 14 अगस्त । राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढांड में 12वीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस में शिकायत दिए जाने के बावजूद कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर करनाल-पटियाला मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज करने की मांग की।मामले को लेकर छात्रा के पिता ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में स्कूल में गणित विषय के शिक्षक विरेंद्र पर छात्रा के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और अशोभनीय व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। छात्रा ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने पहले फिजिक्स लैब में उसके साथ गलत तरीके से व्यवहार किया और उसे अनुचित तरीके से छूने का प्रयास किया। छात्रा ने इसका विरोध करते हुए स्कूल के अन्य शिक्षकों को भी मामले की जानकारी दी।शिकायत के अनुसार 13 अगस्त को शिक्षक ने कथित तौर पर दोबारा छात्रा के साथ इसी प्रकार का व्यवहार किया। छात्रा के विरोध करने पर उसे जान से मारने और समाज में बदनाम करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्रा के परिजन और ग्रामीण शुक्रवार को भाकियू युवा प्रदेशाध्यक्ष राजीव आर्य के साथ स्कूल के बाहर एकत्रित हो गए। प्रदर्शनकारियों ने करनाल-पटियाला मार्ग पर बैठकर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि छात्रा द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस को तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थितिजाम की सूचना मिलते ही पूंडरी एसएचओ शिवकुमार सैनी और ढांड थाना प्रभारी शक्ति सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की तथा उन्हें मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि शिकायत के आधार पर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण एफआईआर दर्ज होने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर पुलिस कार्रवाई का इंतजार करते रहे। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और मार्ग पर यातायात बहाल हो गया। ढांड थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिस ने छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *