उदय-मजनू की वापसी से फिर गूंजेगी हंसी

‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी के यादगार किरदार उदय-मजनू यानी अनिल कपूर और नाना पाटेकर को दर्शकों ने ‘वेलकम टू द जंगल’ में काफी मिस किया। अब खबर है कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला एक आगामी जॉम्बी-कॉमेडी के लिए इस लोकप्रिय जोड़ी को फिर साथ लाने की तैयारी में हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में अनिल कपूर और नाना पाटेकर बिल्कुल नए किरदारों में नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों कलाकारों से इस प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत चल रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में अनिल और नाना के लिए ऐसे किरदार तैयार किए जा रहे हैं, जो उनके पुराने उदय-मजनू से बिल्कुल अलग होंगे। निर्माताओं की कोशिश एक ऐसी जोड़ी पेश करने की है, जो नए दौर के दर्शकों के बीच भी उतनी ही लोकप्रिय हो सके। वहीं, फिल्म में टाइगर श्रॉफ को मुख्य भूमिका के लिए फाइनल किए जाने की चर्चा है। उनके जरिए फिल्म में जबरदस्त एक्शन का तड़का देखने को मिल सकता है।

बताया जा रहा है कि फिल्म अभी लेखन के चरण में है और इसे पारिवारिक मनोरंजन के तौर पर तैयार किया जा रहा है। निर्माता फिरोज नाडियाडवाला बच्चों और परिवारों को ध्यान में रखते हुए एक हल्की-फुल्की जॉम्बी-कॉमेडी बनाना चाहते हैं। फिल्म की कहानी में हॉरर, कॉमेडी और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू हो सकती है। अगर अनिल कपूर और नाना पाटेकर की वापसी पक्की होती है, तो यह जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *