रेवाड़ी में अवैध पटाखों के जखीरे के साथ आरोपी गिरफ्तार

रेवाड़ी, 08 नवंबर । शहर के मोहल्ला बलभद्र सराय में पुलिस ने एक किराए के मकान में छापा मारकर अवैध रूप से रखे गए 108 पैकेट पटाखे बरामद किए हैं। आरोपी मकान में बिना अनुमति पटाखों का भंडारण करने के साथ उनकी बिक्री भी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि सात नवंबर को भाड़ावास गेट चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि बलभद्र सराय स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं और उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां कट्टों और गत्ते की पेटियों में पटाखे रखे हुए मिले।

पूछताछ में मकान में मौजूद व्यक्ति ने अपनी पहचान जिला गुरुग्राम निवासी माइकल के रूप में बताई। वह वर्तमान में बलभद्र सराय में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने उससे पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस व अनुमति के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने मकान से मिले सभी पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना शहर रेवाड़ी में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *