प्रेम, सेवा और सद्भाव का दीप जलाने का संदेश देती है दीपावली : स्वामी चिदानन्द सरस्वती

प्रयागराज, 08 नवंबर । परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश के पीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने दीपावली के पावन पर्व पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की, कि दीपोत्सव का यह पर्व सभी के जीवन में ज्ञान का प्रकाश, सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि जिस प्रकार एक दीपक अंधकार को दूर कर चारों ओर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार दीपावली सभी के जीवन से दुख, चिंताओं और नकारात्मकता को दूर करने का संदेश देती है। यह पर्व प्रेम, करुणा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश की कृपा सभी पर बनी रहे। मां गंगा से प्रार्थना है कि प्रत्येक परिवार स्वस्थ, प्रसन्न, निरोगी और दीर्घायु रहे। उन्होंने सभी को अपना स्नेह, प्रेम, आशीर्वाद और मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि दीपावली केवल घरों में दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि अपने भीतर प्रेम, सेवा, सद्भाव और मानवता का प्रकाश जगाने का भी अवसर है। हमें इस पावन अवसर पर दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने सभी से आपसी प्रेम, भाईचारे और सकारात्मक सोच के साथ दीपावली मनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *