नूंह, 03 नवंबर । पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार प्रदेश के आईपीएस अधिकारियों द्वारा विकसित भारत संकल्प-2047 के तहत एक-एक पुलिस थाने को गोद लेकर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की पहल की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी एवं एटीएस प्रभारी नाजनीन भसीन ने मंगलवार को थाना सदर तावडू को गोद लेकर थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नाजनीन भसीन ने थाने की पूरी बिल्डिंग का अवलोकन किया। उन्होंने साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, डेंटिंग-पेंटिंग, भवन की मरम्मत, बिजली, पानी, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने में मौजूद सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि पुलिस कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके और अपनी शिकायत लेकर आने वाले आम नागरिकों को भी सुविधाजनक माहौल उपलब्ध हो। इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय अभिमन्यु लोहान, थाना सदर तावडू प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।