गुरुग्राम: सरकार ने 13 मई के समझौते को अगस्त तक भी लागू नहीं किया: बसंत कुमार

गुरुग्राम, 09 अगस्त । हरियाणा सरकार पर वादा खिलाफी और टाल-मटोल का आरोप लगाते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर रविवार को नगर निगम गुरुग्राम के कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने सरकार द्वारा 13 मई को मानी गई मांगों पर आदेश जारी न करने को लेकर रोष जताया।

हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान बसंत कुमार और फायर विभाग के जिला उप प्रधान जोगिंदर ने संयुक्त रूप से की। संचालन कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने किया। पुराने नगर निगम कार्यालय में धरने पर निगम के कर्मचारी बैठे रहे। प्रधान बसंत कुमार, पूर्व जिला प्रधान राजेश कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी बोहत, उप प्रधान ज्ञान चंद और तेजपाल ने कहा कि 13 मई 2026 को सरकार के साथ हुए समझौते को अगस्त तक लागू नहीं किया गया। नेताओं ने इसे कर्मचारियों के साथ विश्वासघात करार दिया। उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत सरकार ने 30 जून तक सफाई कर्मियों, सीवर कर्मचारियों, माली, बेलदार, इलेक्ट्रिशियन, हेल्पर, क्लर्क तथा फायर विभाग के ड्राइवर एवं फायरमैन को पक्का करने का वादा किया था।

17 सूत्रीय मांगों में सफाई एवं सीवर कार्य का ठेका समाप्त कर ठेका कर्मियों को विभाग के रोल पर लेना तब तक बैंक के माध्यम से न्यूनतम वेतन और श्रम कानूनों के सभी लाभ देना, रिक्त पड़े सफाई व सीवर पदों पर नियमित भर्ती, एक्स-ग्रेशिया नीति में संशोधन कर कच्चे कर्मियों को लाभ, 58 और 60 वर्ष पूरे करने वाले कच्चे कर्मियों को ग्रेच्युटी व पांच लाख सम्मान राशि, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना, गुरुग्राम के 3480 सहित सभी छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लेना, सफाई कर्मियों को 5,000 रुपये जोखिम भत्ता और फायर कर्मियों को वर्दी व जोखिम भत्ता, फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद रणबीर व भविष्य में शहीद होने वाले कर्मियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये सहायता व नियमित नौकरी देने की मांग शामिल है। अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रेस सचिव सुनील कुमार और फायरमैन मुकेश ने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार मीटिंग बुलाकर यूनियन नेताओं को गुमराह कर रही है, लेकिन कोई आदेश जारी नहीं कर रही। 10 अगस्त को बड़ा प्रदर्शन बसंत कुमार ने बताया कि 10 अगस्त रविवार को नगर निगम कर्मचारी करनाल में वीरू वाल्मीकि हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *