तहसील समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुन अधिकारियों ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश*

गोरखपुर, 03 अक्टूबर । सहजनवा तहसील सभागार में शनिवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा और पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश गुनावत ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, रास्ता, कब्जा, पारिवारिक विवाद और अन्य समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर नियमानुसार एवं समयबद्ध ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से भूमि विवाद और राजस्व से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और दोनों पक्षों के अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए एसपी उत्तरी राजेश गुनावत ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मौके पर स्थिति स्पष्ट करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

वहीं, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मौके पर जाकर समस्या का वास्तविक समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई को प्रभावी बनाते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *