गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य, सादगी और स्वच्छता का संदेश

पौड़ी गढ़वाल, 02 अक्टूबर ।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट, विकास भवन, न्यायालय, सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रमों में सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान समेत अधिकारियों ने गांधीजी के प्रिय भजनों रामधुन और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ का गायन किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी और भातखंडे हिन्दुस्तानी संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आदर्श बाल विद्यालय नंबर-5 के बच्चों ने गांधी और शास्त्री के जीवन पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की। छात्रा सृष्टि ने भी अपने विचार रखे।

जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन सत्य, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में जिस बदलाव की अपेक्षा की जाती है, उसकी शुरुआत स्वयं के आचरण से होनी चाहिए। स्वच्छता अपनाने, जरूरतमंदों की मदद करने और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने से सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन और जनता के बीच निरंतर संवाद एवं सहभागिता को भी जरूरी बताया।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को नई दिशा दी, जबकि शास्त्री ने सादगी और ईमानदारी की मिसाल कायम की। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

कंडोलिया मैदान के समीप गांधी प्रतिमा पर भी जिलाधिकारी समेत अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में प्रशिक्षु एसडीएम मीनाक्षी भाटिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला पंचायती राज अधिकारी जितेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *