मुख्यमंत्री ने अनधिकृत कॉलोनियों में 214.12 करोड़ के 53 विकास कार्यों का किया शिलान्यास

नई दिल्ली, 27 सितंबर । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को किराड़ी, बवाना, मुंडका, नरेला और नांगलोई जाट की अनधिकृत कॉलोनियों में 214.12 करोड़ रुपये के 53 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों से लगभग 1 लाख 75 हजार लोगों को सुविधाएं मिलेंगी। इस अवसर पर सांसद योगेंद्र चांदोलिया, दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज और विधायक राज करण, मनोज शौकीन, गजेंद्र दराल सहित उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य दिल्ली के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है। लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे क्षेत्रों में अब योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। सड़क, नाली, सीवेज और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। इन 53 विकास कार्यों के अंतर्गत 27 अनधिकृत कॉलोनियों में 1,062 सड़कों और गलियों का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 89.82 किलोमीटर सड़क नेटवर्क और 147.69 किलोमीटर ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय आवागमन बेहतर होने के साथ-साथ जल निकासी की व्यवस्था मजबूत होगी और जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में 27 वर्षों बाद हुए सत्ता परिवर्तन के बाद विकास कार्यों को नई गति मिली है। सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारने और जनता को उनका सीधा लाभ पहुंचाने पर जोर दे रही है। अनधिकृत कॉलोनियों में सड़क और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि विकास की रफ्तार अब केवल मुख्य सड़कों तक सीमित न रहे बल्कि अनधिकृत कॉलोनियों की हर गली और हर घर तक पहुंच रही है। किराड़ी, बवाना, मुंडका, नरेला और नांगलोई जाट में शुरू किए गए 214.12 करोड़ रुपये के 53 विकास कार्य वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सड़क, सीवर और ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत कर हम इन क्षेत्रों को बेहतर और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।

मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि किराड़ी क्षेत्र में पिछली सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। आम आदमी पार्टी की सरकार लंबे समय तक सत्ता में रही और आज भी किराड़ी से आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायक हैं लेकिन क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने 105 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित किया है कि किसी विधानसभा क्षेत्र में विधायक आआपा का हो या भाजपा का विकास कार्यों और बजट आवंटन में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *