अखिलेश बताएं, अपने कार्यकाल में खिलाड़ियों के लिए क्या किया ? : गिरीश चंद्र यादव

जौनपुर, 27 सितंबर । यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लखनऊ में पत्रकार वार्ता के दौरान रविवार को खेलों को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए उत्तर प्रदेश के खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने सवाल उठाया है। हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपने कार्यकाल में खिलाड़ियों के लिए किए गए कार्यों की सूची सार्वजनिक करें और बताएं कि एक मैदान के अलावा उन्होंने क्या बनवाया।

गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के साढ़े नौ साल के कार्यकाल में खेलों को बढ़ावा देने के साथ खिलाड़ियों को रोजगार और सम्मान देने का काम किया गया है। सरकार ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए दर्जनों खिलाड़ियों को खेल कोटे के माध्यम से डिप्टी एसपी समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां दी हैं।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नए खेल मैदान और स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला और मंडल स्तर तक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर खानपान और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर है।

राज्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को लोक सेवा आयोग के माध्यम से विभिन्न पदों पर नियुक्ति देकर सम्मानित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ किसी एक खेल तक सीमित नहीं है। विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल में अखिलेश यादव के क्षेत्र में भी करोड़ों रुपये की लागत से खेल मैदान का निर्माण कराया गया है।

गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश यादव को आरोप लगाने के बजाय अपने कार्यकाल में खिलाड़ियों के लिए किए गए कार्यों का ब्यौरा जनता के सामने रखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *