अंडर-14 फुटबॉल में नूंह ने रचा इतिहास, पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंची टीम

नूंह, 23 सितंबर । जिला हिसार में आयोजित की जा रही अंडर-14 फुटबॉल राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में जिला नूंह की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। नूंह की अंडर-14 फुटबॉल टीम पहली बार राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंची है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नूंह ने मजबूत गुरुग्राम की टीम को टाई-ब्रेकर में 4-3 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही नूंह की टीम ने प्रतियोगिता में अपना पदक भी पक्का कर लिया है।

टीम की इस उपलब्धि पर उपायुक्त अखिल पिलानी, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. मामराज रावत ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और प्रतियोगिता में नूंह का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। अधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगामी सेमीफाइनल मुकाबले के लिए टीम का उत्साहवर्धन किया।

सहायक शिक्षा अधिकारी (खेलकूद) डॉ. अमित कुमार यादव ने बताया कि नूंह की अंडर-14 फुटबॉल टीम ने पूरी प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहली बार जिले की फुटबॉल टीम का सेमीफाइनल तक पहुंचना नूंह के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि टीम को इस मुकाम तक पहुंचाने में कोच पवन कुमार, शारीरिक शिक्षक सुमित कादियान और जसवीर कुंडू का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने बताया कि क्वार्टर फाइनल में नूंह का मुकाबला गुरुग्राम जैसी मजबूत टीम से हुआ। खिलाड़ियों ने दबाव के बावजूद आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए टाई-ब्रेकर में 4-3 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम ने न केवल सेमीफाइनल में जगह बनाई, बल्कि प्रतियोगिता में पदक भी सुनिश्चित कर लिया।

डॉ. यादव ने कहा कि नूंह जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। अंडर-14 फुटबॉल टीम की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। इससे विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा और वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *