आंगनवाड़ी केंद्रों में उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जा रहा पोषण माह

मंडी, 16 सितंबर । बाल विकास परियोजना सदर मंडी के अंतर्गत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण माह, 2026 पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जा रहा है। बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर मंडी जितेंद्र सैनी ने बताया कि कुपोषण को दूर करने तथा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से विभाग द्वारा दैनिक कार्य योजना तैयार की गई है। इसके तहत सदर मंडी के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में नियमित रूप से जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस वर्ष पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, ताजा गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आंगनवाड़ी केंद्रों एवं पंचायत भवनों में पोषण मेलों का आयोजन कर स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों, मोटे अनाज और प्रोटीनयुक्त आहार के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। स्थानीय खाद्य पदार्थों से विभिन्न व्यंजनों की रेसिपी प्रदर्शन गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पोषण योजनाओं में पारदर्शिता और जागरूकता के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों के बाहर सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन प्रोग्राम का साप्ताहिक मेन्यू बोर्ड प्रदर्शित किया गया है। सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय युवाओं और अन्य प्रभावशाली लोगों को आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ा जा रहा है। श्रमदान के माध्यम से केंद्रों की साफ-सफाई तथा विशेष अवसरों पर बच्चों के लिए तिथिभोजन उपलब्ध करवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।

बाल विकास एवं गतिविधियों के तहत 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों के वजन एवं ऊंचाई की निगरानी की जा रही है। बच्चों के विकासात्मक मील के पत्थरों की जानकारी दर्ज करने के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में चाइल्ड एवं हाइट मिरर लगाए जा रहे हैं। खिलौने एवं पुस्तकें दान करने तथा स्कूल जाने से पूर्व बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों का एक्सपोजर विजिट करवाने जैसी गतिविधियां भी की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *