मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण के लिए 16 सितंबर तक करें आवेदन

कृषि के साथ अतिरिक्त आय और स्वरोजगार का अवसर तलाश रहे लोगों के लिए मधुमक्खी पालन बेहतर विकल्प बन सकता है। उद्यान विभाग की ओर से राजकीय मौन पालन प्रशिक्षण केन्द्र, कम्पनीबाग, प्रयागराज में तीन माह का निःशुल्क मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी 16 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

प्रशिक्षण सत्र 16 सितंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा। 90 दिन के इस प्रशिक्षण में पुरुष और महिलाएं दोनों भाग ले सकेंगे। आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा आठ पास निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। हालांकि अभ्यर्थियों को अपने रहने और भोजन की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।

इच्छुक अभ्यर्थी अधीक्षक, राजकीय उद्यान के कार्यालय से निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र प्राप्त कर 16 सितंबर तक जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ दो संभ्रांत व्यक्तियों अथवा किसी राजपत्रित अधिकारी द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य है।

उद्यान अधीक्षक जगदीश प्रसाद ने बताया कि मधुमक्खी पालन कम भूमि और सीमित संसाधनों में शुरू किया जा सकने वाला लाभकारी व्यवसाय है। वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा, किसान और महिलाएं इसे अतिरिक्त आय के साथ-साथ स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बना सकते हैं। मधुमक्खी पालन से शहद, मोम सहित अन्य उत्पादों से आय के अवसर मिलते हैं, वहीं फसलों में परागण बढ़ने से कृषि उत्पादन में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य इच्छुक लोगों को मधुमक्खी पालन की आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों से परिचित कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मधुमक्खी पालन की व्यवहारिक जानकारी देकर इस व्यवसाय को बेहतर ढंग से शुरू करने के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने पात्र महिला और पुरुषों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाएं और स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *