भाजपा में टिकट वितरण को लेकर बगावत, मेहता-सांवरिया के इस्तीफे

उदयपुर, 02 सितंबर । नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण के बाद भाजपा के भीतर नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी से बगावत करते हुए कमलेश मेहता और यशवंत सांवरिया ने इस्तीफा दे दिया है। इसे टिकट वितरण के बाद भाजपा में सामने आया पहला बड़ा इस्तीफा माना जा रहा है। वहीं आने वाले दिनों में कुछ और इस्तीफों की आशंका भी जताई जा रही है।

भाजपा के लंबे समय से कार्यकर्ता रहे कमलेश मेहता ने बुधवार को शहर जिलाध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा। उन्होंने पार्टी में कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा और अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि मेहनत और निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ताओं के बजाय चापलूसी और अवसरवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। मेहता की पत्नी खुशबू मेहता वार्ड नंबर 60 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। वहीं यशवंत सांवरिया ने भाजपा से बगावत कर वार्ड नंबर 12 से निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा में सामने आई बगावत ने पार्टी संगठन की चिंता बढ़ा दी है। अब संगठन के सामने बागी प्रत्याशियों को मनाने और असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को साधने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *