कांग्रेस ने रोका रास्ता, कविता के जवाब से पलटा पासा

उदयपुर, 01 सितंबर । नगर निगम चुनाव में नामांकन जांच के दौरान वार्ड नंबर 76 की भाजपा प्रत्याशी कविता जोशी का नामांकन कुछ देर के लिए चर्चा में आ गया। कांग्रेस की ओर से कविता जोशी के नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे खारिज करने की मांग की गई। मामला उनके नामांकन पत्र में व्याख्याता लिखे होने को लेकर था।

कांग्रेस की ओर से सवाल उठाया गया कि किसी शिक्षण संस्थान में व्याख्याता के पद पर कार्यरत व्यक्ति चुनाव लड़ने के लिए पात्र है या नहीं। आपत्ति के बाद कुछ देर तक नामांकन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। इसके बाद कविता जोशी की ओर से आपत्ति का जवाब प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि वे महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) में संविदा पर व्याख्याता हैं और चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे चुकी हैं।

जवाब में इस्तीफे की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस की आपत्ति का आधार समाप्त हो गया और कविता जोशी का नामांकन बरकरार रहा। भाजपा सूत्रों के अनुसार प्रत्याशियों के नामांकन की जांच के दौरान यह पार्टी के सामने आई एकमात्र आपत्ति थी, जिसे जवाब के बाद दूर कर दिया गया। इस तरह नामांकन जांच में कांग्रेस की आपत्ति से पैदा हुई अड़चन कविता जोशी के जवाब के बाद खत्म हो गई और अब वे वार्ड 76 से चुनाव मैदान में बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *