बॉक्स ऑफिस पर ‘टॉक्सिक’ का जलवा जारी, 5 दिनों में 200 करोड़ क्लब में एंट्री

कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी एक्शन-थ्रिलर को वीकेंड का भरपूर फायदा मिला और फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये के क्लब में एंट्री कर ली। हालांकि, फिल्म को हिंसक दृश्यों और महिलाओं के चित्रण को लेकर लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इसका असर वीकेंड पर टिकट खिड़की की कमाई पर खास नहीं दिखा और सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ जुटी।

सैकनिल्क के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के पांचवें दिन यानी रविवार को 23 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह कमाई 16,241 शोज के दौरान 25.3 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ हुई। फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़, दूसरे दिन 37.65 करोड़, तीसरे दिन 27.20 करोड़ और चौथे दिन 25.15 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह पांच दिनों में फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 214.10 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 285.20 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। फिल्म ने थलापति विजय की ‘जन नायकन’ और सूर्या की ‘करुप्पु’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।

हालांकि, यश की पिछली फिल्म ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ की तुलना में ‘टॉक्सिक’ की शुरुआत काफी कमजोर रही है। ‘केजीएफ 2’ ने शुरुआती पांच दिनों में भारत में 430.15 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया था। करीब 500 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनी ‘टॉक्सिक’ के लिए अब आगे की कमाई बेहद महत्वपूर्ण होगी। फिल्म को अपनी लागत निकालने और मुनाफे की ओर बढ़ने के लिए बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार बनाए रखनी होगी। इस सप्ताह ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के सिनेमाघरों में आने से ‘टॉक्सिक’ को नई चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *