देवरिया : खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों की जांच के लिए अभियान चलाने के निर्देश

देवरिया, 06 अक्टूबर । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए खाद्य एवं औषधि से जुड़े प्रतिष्ठानों का अभियान चलाकर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्रभावी और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी 9, 13, 16, 21, 24, 27 और 30 अक्टूबर को अपनी कार्य प्रगति से अवगत कराएंगे। जिलाधिकारी ने निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई को लगातार जारी रखने पर जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि अप्रैल से सितंबर तक औषधि विभाग ने 236 निरीक्षण किए और 74 नमूने संग्रहित किए। इस दौरान औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का 441 बार सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद 47 औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों के निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 1,081 निरीक्षण किए गए तथा 243 नमूने लिए गए। इनमें 144 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। अधिकारियों के अनुसार 53 नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। खाद्य सुरक्षा से संबंधित 127 मामले दर्ज हुए, जिनमें 50 का निस्तारण किया जा चुका है। इन मामलों में 11 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।

डीएम ने अधिकारियों को खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों पर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *