भाजपा के एनजीओ समन्वय एवं विकास सम्मेलन में सामाजिक संस्थाओं के सहयोग पर जोर

देहरादून, 02 अगस्त (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एनजीओ प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को टाउन हॉल में “एनजीओ समन्वय एवं विकास सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी संस्थाएं सरकार और समाज के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती हैं और उनके सहयोग से जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।

भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि एनजीओ समाज के विकास और जरूरतमंदों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ भविष्य में भी सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय और सहयोग बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

सम्मेलन के संयोजक डॉ. संदेश यादव ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, उनके अनुभव साझा करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है।

देहरादून के महापौर ने सामाजिक संस्थाओं की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें जनहित के कार्यों में और अधिक सक्रियता के साथ योगदान देने का आह्वान किया।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा, सह-संयोजक सचिन अग्रवाल, मधु जैन, विनीत कुमार तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *