पर्यटन विकास से निवेश और रोजगार बढ़ाने पर जोर, नैनीताल में योजनाओं की उपलब्धियां साझा

नैनीताल, 23 अगस्त । उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सलाहकार सुभाष बगौली ने रविवार को नैनीताल क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश में पर्यटन विकास को स्थानीय अर्थव्यवस्था, निवेश और स्वरोजगार से जोड़ते हुए धार्मिक, साहसिक, ग्रामीण और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने पर्यटन अवस्थापना को सुदृढ़ करने और सीमांत क्षेत्रों तक पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करने पर विशेष बल दिया।

श्री बगौली ने बताया कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊं के ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों को पर्यटन सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। जागेश्वर धाम के विकास के लिए 55.57 करोड़ रुपये, महासू देवता हनोल पर्यटन योजना के लिए 98.80 करोड़ रुपये, माणा गांव पर्यटन योजना के लिए 56.26 करोड़ रुपये तथा टिम्मरसैण महादेव गुफा के विकास के लिए 26.85 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत पिथौरागढ़ के ग्रामीण पर्यटन क्षेत्र और चम्पावत के चाय बागान क्षेत्र में अवस्थापना विकास के कार्य भी स्वीकृत हैं। वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमांत गांवों को होम स्टे और पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन नीति-2023 के माध्यम से निजी निवेश को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जबकि एशियाई विकास बैंक के सहयोग से 1,249.40 करोड़ रुपये की सहायता से पर्यटन अवस्थापना को सुदृढ़ करने की परियोजना संचालित की जा रही है। चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है और कौशल विकास कार्यक्रमों के तहत अब तक 5,869 लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने श्री बगौली का स्वागत कर राम दरबार का चित्र भेंट किया और नैनीताल के पर्यटन व्यवसाय, पर्यटकों तथा स्थानीय नागरिकों से जुड़े सुझाव उनके समक्ष रखे। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष मोहित साह, कमल जोशी, गौरव हार्पर सहित अनेक कार्यकर्ता और आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *