ग्वालियरः संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर 40 ट्रॉली रेत नष्ट कराया

ग्वालियर, 22 अगस्त । मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत शनिवार को संयुक्त टीम ने ग्राम चैत के अंतर्गत कार्रवाई की है। राजस्व, खनिज व पुलिस की संयुक्त टीम ने यहां पर पक्के कंक्रीट के सीमेंट से रेत बनाने के तीन फड़ों से लगभग 40 ट्रॉली रेत को मशीनों की मदद से नष्ट कराया। साथ ही इन फड़ों के रास्तों को खोदकर अवरूद्ध किया गया। रेत की अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार अशोक सिंह तोमर व खनिज विभाग के रमाकांत तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल थे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज पदार्थों की अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के सभी एसडीएम व राजस्व अधिकारियों सहित खनिज विभाग की टीम को लगातार छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *