जयराम ठाकुर के नेतृत्व में रिज मैदान पर गूंजेगा वंदे मातरम्, भाजपा विधायक दल करेगा सामूहिक गायन

शिमला, 22 अगस्त । हिमाचल प्रदेश में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर जारी सियासी बहस के बीच भाजपा विधायक दल 23 अगस्त को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेगा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक बलबीर वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम रविवार को प्रातः 11 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष आयोजित किया जाएगा।

बलबीर वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि कार्यक्रम का नेतृत्व हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर करेंगे। इस दौरान भाजपा विधायक दल के सभी विधायक मौजूद रहेंगे और एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर मातृभूमि के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करेंगे।

उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना से जुड़ा राष्ट्रगीत है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ ने देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और आजादी की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बलबीर वर्मा ने कहा कि भाजपा विधायक दल की ओर से यह कार्यक्रम राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान व्यक्त करने और स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों एवं बलिदानियों के योगदान को स्मरण करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए भाजपा की ओर से जिला प्रशासन को विधिवत अनुमति के लिए आवेदन किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से आयोजित किया जाएगा तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।

बलबीर वर्मा ने कहा कि 23 अगस्त को प्रातः 11 बजे रिज मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेगा।

उन्होंने कहा, “राष्ट्र और मातृभूमि का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है। ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। भाजपा विधायक दल पूरे सम्मान और गौरव के साथ इसका सामूहिक गायन करेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *