धर्मशाला, 05 नवंबर । पुलिस जिला नूरपुर ने 32.57 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए अमृतसर, पंजाब से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुमित कुमार, पुत्र दर्शन कुमार, निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस की जांच नशा तस्करी से जुड़े व्यापक नेटवर्क और इसकी आपूर्ति श्रृंखला तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
गौरतलब है कि 14 अक्टूबर 2026 को सीआईए विंग नूरपुर की टीम ने नागनी माता मंदिर बस स्टॉप, कंडवाल के समीप दो युवकों को चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान आरोपी राकेश ठाकुर (36 वर्ष) निवासी गांव खनोड़, तहसील धर्मपुर, जिला मंडी जोकि वर्तमान में निवासी दाड़नू, धर्मशाला के बैग से 32.57 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। इस मामले में उसके साथ मौजूद दूसरे आरोपी विकास (24 वर्ष) निवासी गांव बडोल, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा को भी गिरफ्तार किया गया था।
मामले की आगामी जांच व उपरोक्त आरोपियों से की गई कड़ी पूछताछ के दौरान नूरपुर पुलिस द्वारा एक अन्य आरोपी के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद एक टीम अमृतसर गई और वहां से सुमित कुमार, पुत्र दर्शन कुमार, निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा अब इस मामले में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज पर जांच कर रही है। इसमें संलिप्त सप्लायरों, आरोपियों के आपसी संपर्कों तथा नशीले पदार्थ की आगे सप्लाई एवं बिक्री से जुड़े व्यक्तियों की पहचान की जा सके। साथ ही इस अवैध कारोबार के अंतरराज्यीय नेटवर्क और इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।