राहुल ने 1 नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ रैली में शामिल होने का किया आह्वान

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाने तथा धांधली के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव प्रणाली पर करारा हमला बोला है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए देशवासियों से एकजुट होने की अपील करते हुए एक नवंबर को दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ जन मार्च और मेगा रैली का आह्वान किया है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में मतदाताओं के वोट चुराए जा रहे हैं और इसके लिए नियमों तथा कानूनों को ताक पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि जब जनता और विपक्ष इस पर सवाल उठाते हैं, तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। इसे किसी भी हाल में चुपचाप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अब देश इसका जवाब देगा।

राहुल गांधी ने एक नवंबर को आयोजित होने वाले इस जन मार्च और रैली के लिए समाज के सभी वर्गों से शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने विशेष रूप से छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों को आमंत्रित करते हुए कहा, “जिसे भी लोकतंत्र की परवाह है, उसे जरूर आना चाहिए। वोट आपका है, और इसे बचाने की लड़ाई भी आपकी है।”

राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दलों पर तीखा तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा और उनके साथी जिस तरह से इस कार्यक्रम का प्रचार कर रहे हैं और इसे लोगों तक पहुंचा रहे हैं, उसके लिए उनका शुक्रिया। उन्होंने समर्थकों से अगले सात दिनों तक इसी जोश और लगन को बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *