मंदसौर : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे पड़ा रहा घायल

मंदसौर, 05 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के मंदसाैर जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बूढ़ा-टकरावद मार्ग पर गर्रावद फंटे के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में खेड़ा काल्याखेड़ी निवासी लालसिंह ईश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, कंधे और पैरों में चोटें आई थीं।

बताया गया है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। परिजनों के अनुसार हादसे के बाद लालसिंह करीब डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे। बाद में वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर उन पर पड़ी। उसने लालसिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि बाइक को टक्कर मारने वाला फोरव्हीलर चालक हादसे के बाद घायल लालसिंह को मौके पर छोड़कर वाहन निकालने में लगा रहा और इसके बाद वहां से फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस से हादसे की जगह और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन और चालक का पता लगाने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *