बाइक रैली के साथ तीन दिवसीय गुरमत समागम का आगाज

देहरादून, 03 अक्टूबर । श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के देहरादून आगमन दिवस को समर्पित तीन दिवसीय गुरमत समागम का शनिवार को बाइक रैली के साथ आगाज हुआ। यहां गुरु नानक पब्लिक ग्राउंड रेसकोर्स में आयोजित समागम में शनिवार और रविवार को धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे।

समागम के शुभारंभ पर गुरु पंथ के स्वागत में विशाल बाइक रैली निकाली गई। रैली आशारोड़ी फ्लाईओवर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुरु नानक पब्लिक ग्राउंड पहुंची। आयोजकों के अनुसार रैली का उद्देश्य गुरु पंथ का स्वागत करना और संगत को समागम से जोड़ना था।

शनिवार और रविवार को आयोजित धार्मिक दीवान में विभिन्न पंथिक हस्तियां और रागी जत्थे हाजिरी भरेंगे। इनमें ज्ञानी शेर सिंह (बुड्ढा दल), भाई हरविंदरपाल सिंह (लिटिल वीरजी), भाई गुरमीत सिंह (शांत), बाबा गदगज सिंह, कविशर सुखबीर सिंह, ज्ञानी जंग सिंह, बीबी दलेर कौर, ज्ञानी बलविंदर सिंह (पांवटा साहिब), भाई सहजदीप सिंह (दिल्ली), भाई नवजोत सिंह (जगाधरी), बीबी सिमरन कौर, बीबी रवनीत कौर, भाई हर्षदीप सिंह और भाई रविंदर सिंह (अंबाला) सहित अन्य शामिल हैं।

रविवार को दोपहर 12 बजे गुरु पंथ खालसा की परंपरा के अनुसार खालसाई महल्ला निकाला जाएगा। यह गुरु नानक पब्लिक ग्राउंड से शुरू होकर रेसकोर्स चौक, प्रिंस चौक, रेलवे स्टेशन, दर्शनी गेट, कोतवाली, मोती बाजार, मछली बाजार, बिंदाल चौक, तिलक रोड, झंडा बाजार, सहारनपुर चौक, गुरुद्वारा सिंह सभा, प्रिंस चौक, रेस्ट कैंप चौक और त्यागी रोड होते हुए वापस गुरु नानक पब्लिक ग्राउंड पहुंचेगा।

आयोजकों ने बताया कि समागम का उद्देश्य श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के देहरादून आगमन से जुड़ी ऐतिहासिक परंपराओं और खालसाई विरासत को प्रदर्शित करना है। महल्ले में निहंग सिंहों की परंपरागत वेशभूषा, घोड़े, निशान-नगारे और गतका सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इसके माध्यम से नई पीढ़ी को सिख विरासत से जोड़ने और समाज में एकता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

जत्था अकाली बाबा फतेह सिंह और साध-संगत देहरादून ने सभी धर्मों के लोगों से परिवार सहित समागम में पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *