होटल का दरवाजा खुला तो फंदे से लटके मिले युवक-महिला

बहराइच, 02 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शहर के मेडिकल कॉलेज के सामने एक होटल में करीब नौ दिन से ठहरे युवक व अधेड़ उम्र की महिला के शव गुरुवार देर शाम कमरे में फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव एक ही कमरे में मिलने की सूचना पर होटल में भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस युवक-महिला के बीच सम्बन्ध और मौत के कारणों की जांच कर रही है।

देर रात मृतका की पहचान गौतमबुद्धनगर निवासी पिंकी (42) और युवक की पहचान श्रावस्ती जिले के निवासी रिंकू (27) के रूप में हुई है। दोनों 22 सितंबर से शहर के अवध कैलाश होटल में एक कमरा लेकर ठहरे हुए थे। होटल कर्मचारियों के अनुसार दोनों ने अपनी पहचान और निजी काम के सिलसिले में होटल में ठहरने की जानकारी दी थी।

होटल कर्मचारियों ने बताया कि गुरुवार को कमरे से काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई। कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल संचालक को और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर कमरे का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर युवक-युवती के शव फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी फैलते ही होटल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव और नगर कोतवाल ब्रजेंद्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किये। पुलिस ने होटल के कमरे, रजिस्टर समेत अन्य जानकारियों को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस होटल के रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस युवक और युवती के बीच संबंधों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

होटल कर्मचारियों के अनुसार दोनों ने बताया था कि वे निजी काम और नौकरी के सिलसिले में बहराइच आए हैं। सुबह नाश्ता करने के बाद दोनों की ओर से खाने-पीने का कोई ऑर्डर नहीं आया। काफी समय तक कमरे से कोई गतिविधि न होने पर कर्मचारियों को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि होटल के कमरे में महिला और युवक के शव मिले हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच जारी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *