प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष और रक्षा मंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

मोदी ने एक्स पर लिखा, “पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! सार्वजनिक जीवन में उनके लंबे कार्यकाल के दौरान भारत के विकास, हमारे संविधान में निहित मूल्यों और लोगों के कल्याण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता रही है। उन्होंने पूरे जोश और सादगी के साथ देश की सेवा की है, जिसके कारण समाज के हर वर्ग के लोग उनका सम्मान करते हैं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और दीर्घायु प्रदान करे।”

बिरला ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सादगी, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक सरोकारों के लिए अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले राम नाथ कोविंद का जीवन निरंतर सेवा और समर्पण की दिशा दिखाता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और निरंतर सक्रिय जीवन प्रदान करें।

राजनाथ सिंह ने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा में उनका लंबा योगदान रहा है। विभिन्न विषयों पर उनका अध्ययन और उनके विचार सभी को प्रभावित करते हैं। सार्वजनिक जीवन में उनका अनुभव और उनकी सादगी विशेष रूप से सराहनीय है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि सामान्य परिवार से आकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने की आपकी यात्रा और वंचितों के कल्याण व संवैधानिक दायित्वों के प्रति अपका समर्पण प्रेरणीय है। ईश्वर से उनके स्वस्थ व सुदीर्घ जीवन की कामना करते हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ईश्वर से रामनाथ के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करते हैं। केंद्रीय कृषि एवम किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनसेवा और राष्ट्रहित के प्रति रामनाथ का समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। केंद्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह ने भी ईश्वर से रामनाथ के अच्छे स्वस्थ की प्रार्थना की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रामनाथ के योगदान तथा जनसेवा के प्रति उनके समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *