रायसेन, 28 सितंबर । रायसेन से भोपाल जा रही एक बस ने सोमवार को नीमखेड़ा पुल के पास सड़क किनारे खड़े ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार तीन लोगों में से एक को गंभीर चोट आई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस का अगला कांच भी टूट गया। बस में करीब 20 यात्री सवार थे। इनमें से कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी है। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर भोपाल की ओर निकल गया। सूचना मिलने पर खरबई पुलिस मौके पर पहुंची और बस को रोककर सैंडोरा चौकी में खड़ा कराया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सैंडोरा चौकी प्रभारी शैलेंद्र दायमा ने बताया कि बस रायसेन से भोपाल जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को सैंडोरा चौकी लाकर जांच शुरू की गई।