ईरान के रणनीतिक केशम द्वीप के पास जोरदार धमाके

तेहरान, 23 सितंबर । ईरान के रणनीतिक केशम द्वीप के पास जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई है। यह आवाज समुद्र की तरफ से आई। फिलहाल द्वीप के भू-भाग पर किसी मिसाइल या रॉकेट के गिरने की पुष्टि नहीं हुई है। यह रणनीतिक इलाका होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित है।

अनादोलू की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सरकारी मीडिया और इरना न्यूज एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है। इरना ने साफ किया है कि यह आवाज जमीन की तरफ से नहीं, बल्कि समुद्र की तरफ से आई थी। एजेंसी ने कहा कि द्वीप पर कोई रॉकेट या मिसाइल नहीं गिरी। स्थानीय अधिकारियों ने धमाके की असल वजह पर अब तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित केशम द्वीप खाड़ी का सबसे बड़ा द्वीप है। यह घटना होर्मुज में लगातार चल रहे समुद्री और सैन्य तनाव के बीच हुई है। यह ऊर्जा के परिवहन का एक अहम रास्ता है और ईरान से जुड़े संघर्षों का मुख्य केंद्र रहा है। इससे पहले 16 सितंबर को भी केशम द्वीप के तटवर्ती इलाके में धमाके हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *