बिजनौर, 22 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनाैर में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के सैकड़ों किसान मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देते हुए महापंचायत की। संगठन के अध्यक्ष सरदार बीएम सिंह भी धरने में शामिल हुए। महापंचायत दोपहर करीब तीन बजे तक चली। इस दौरान किसानों से बातचीत के लिए गन्ना विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, शुगर मिलों और प्रशासन के अधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की ओर से अपनी मांगों को लेकर 20 अगस्त से डीसीओ कार्यालय पर धरना दिया जा रहा है। संगठन की प्रमुख मांगों में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने और गन्ना भुगतान में देरी पर किसानों को तत्काल ब्याज दिए जाने की मांग शामिल है। करीब एक माह से डीसीओ कार्यालय पर धरना चलने के बावजूद मांगों पर निर्णय नहीं होने के चलते संगठन ने 22 सितंबर को कलेक्ट्रेट में महापंचायत का आह्वान किया था। महापंचायत में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों से कलेक्ट्रेट पहुंचे। नुमाइश चौक पर यातायात पुलिस ने ट्रैक्टरों को रोक दिया। यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए ट्रैक्टरों को इंदिरा बाल भवन में खड़ा कराया गया। इसके बाद किसान पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कलेक्ट्रेट परिसर में किसानों की महापंचायत शुरू हुई। संगठन अध्यक्ष सरदार बीएम सिंह ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान वन विभाग, गन्ना विभाग, शुगर मिलों, राजस्व विभाग तथा प्रशासन के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। किसान नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच मांगों को लेकर वार्ता होने की संभावना जताई गई।
महापंचायत में बीनू सिंह, संजय कुमार, विपिन सिंह, चोकपुरी, शिवम, विजेंद्र सिंह, दीपक, हिमेंद्र सिंह, अनीस अहमद, बृजपाल सिंह, बिट्टू, मौ. दिलशाद, इदरीस अहमद, सगिरुदीन, वेदप्रकाश, राकेश कुमार, नरेश लंबा, ताहार सिंह, सरदार सिंह, नाहर सिंह, कल्लू सिंह, भीम सिंह और बुरहानुद्दीन सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।