हरिद्वार, 05 अगस्त । श्री अखंड परशुराम अखाड़े के संयोजन में रोशनाबाद जिला जेल परिसर में आयोजित संगीतमय गंगा कथा का श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में आयोजन किया गया। कथा के दौरान कथाव्यास पंडित संजय कृष्ण ने मां गंगा की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए गंगोत्री से गंगासागर तक स्थित विभिन्न पवित्र तीर्थों के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
पंडित संजय कृष्ण ने मां गंगा की महिमा बताते हुए कहा कि गंगा जल के दर्शन, स्पर्श और आचमन मात्र से मनुष्य का कल्याण होता है। गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था की प्रतीक हैं। कथा श्रवण से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
मुख्य अतिथि जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने कहा कि कारागार में ऐसे धार्मिक आयोजनों से बंदियों में सकारात्मक बदलाव आता है। कारागार का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास भी है।
अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि गंगा कथा से मन शुद्ध होता है और पापों का नाश होता है। उन्होंने गंगा की स्वच्छता का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संदीप रोड, दीपक पवार, स्वामी रूद्रानंद सरस्वती, सोमपाल कश्यप सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।