वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने विद्युत दरें बढ़ाने का किया विरोध

हरिद्वार, 02 अगस्त । वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन की बैठक में विद्युत दरों में बार-बार बढ़ोतरी को लेकर रोष व्यक्त किया गया। संगठन ने कहा कि उत्तराखंड जल संसाधनों से भरपूर राज्य है और यहां कई हाइड्रो प्रोजेक्ट से बिजली बन रही है। डेढ़ करोड़ की आबादी वाले इस छोटे राज्य में बिजली उत्पादक होने के बाद भी हर तिमाही दरें बढ़ाई जा रही हैं। संगठन ने लाइन लॉस और बिजली चोरी पर नियंत्रण न होने से विभाग की कार्यक्षमता पर सवाल उठाए। अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि कुछ माह पहले दरें बढ़ी थीं और अब फिर बढ़ोतरी की तैयारी है। विभाग लाइन लॉस और चोरी की भरपाई जनता से कर रहा है जो अन्यायपूर्ण है। विद्यासागर गुप्ता, हरदयाल अरोड़ा और रामसागर ने कहा कि अधिकारी सख्ती से नुकसान रोकें ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिले। विपिनचंद्र गोयल और आनंद प्रकाश गौड़ ने सामान्य उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। बैठक में बड़ी संख्या में वरिष्ठजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *